बंगलुरु स्थित भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान के भारतीय शोधकर्ताओं ने आगामी थर्टी मीटर टेलीस्कोप के अनुकूली प्रकाशिकी प्रणाली के लिये एक व्यापक तारा सूची तैयार करने हेतु एक नया ऑनलाइन टूल विकसित किया है।
थर्टी मीटर टेलीस्कोप (TMT) की प्रमुख विशेषताएँ
- यह हवाई के मौना कीआ में शुरू होने वाली एक महत्त्वाकांक्षी अंतर्राष्ट्रीय परियोजना है, जिसमें भारत, अमेरिका, कनाडा, चीन और जापान शामिल हैं, जिसका उद्देश्य ब्रह्मांड की समझ को महत्त्वपूर्ण रूप से आगे बढ़ाना है।
- भारत TMT परियोजना में एक प्रमुख साझेदार है तथा IIA स्थित भारत TMT केंद्र राष्ट्रीय सहयोग का नेतृत्व कर रहा है।
- TMT एक अगली पीढ़ी की खगोलीय वेधशाला है जिसे इसके विशाल 30-मीटर प्राथमिक दर्पण, उन्नत अनुकूली प्रकाशिकी प्रणाली और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ अभूतपूर्व रिज़ॉल्यूशन तथा संवेदनशीलता प्रदान करने के लिये डिज़ाइन किया गया है।
- TMT, विशाल मैगलन टेलीस्कोप और यूरोपीय दक्षिणी वेधशाला का अत्यंत विशाल टेलीस्कोप, भू-आधारित खगोल विज्ञान के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं।
प्राथमिक लक्ष्य
- प्रारंभिक ब्रह्मांड और बिग बैंग के बाद पहली आकाशगंगाओं तथा तारों के निर्माण एवं विकास का अध्ययन करना।
- ब्रह्मांडीय समय में आकाशगंगाओं के निर्माण, संरचना और विकास की जाँच करना।
- अतिविशाल ब्लैक होल और उनकी मेज़बान आकाशगंगाओं के बीच संबंध का अध्ययन करना।
- तारों और ग्रह प्रणालियों के निर्माण की जाँच करना।
- एक्सोप्लैनेट की विशेषता बताना और उनके वायुमंडल का अध्ययन करना।
अनुकूली प्रकाशिकी प्रणाली (AOS) और नया ऑनलाइन टूल
- TMT का AOS, जिसे नैरो फील्ड इंफ्रारेड एडेप्टिव ऑप्टिक्स सिस्टम (Narrow Field Infrared Adaptive Optics System- NFIRAOS) के रूप में जाना जाता है, वायुमंडलीय अशांति को ठीक करने और छवि रिज़ॉल्यूशन को बढ़ाने के लिये विकृत दर्पण तथा लेज़र गाइड स्टार (Laser Guide Stars- LGS) का उपयोग करता है।
- यह सुविधा कृत्रिम मार्गदर्शक तारे बनाने के लिये आकाश में नौ लेज़र तक प्रक्षेपित करेगी। हालाँकि वायुमंडलीय अशांति इन लेज़र किरणों को प्रभावित करती है, इसलिये वायुमंडलीय टिप-टिल्ट (Tip-Tilt) को मापना अनिश्चित है।
- इन प्रभावों को ठीक करने के लिये AO प्रणाली को तीन वास्तविक तारों, जिन्हें प्राकृतिक मार्गदर्शक तारे (Natural Guide Stars- NGS) के रूप में जाना जाता है, से फीडबैक की आवश्यकता होती है।
- शोधकर्त्ताओं ने एक स्वचालित कोड विकसित किया है जिसका उपयोग निकट अवरक्त (NIR) तारों की सूची बनाने के लिये एक ऑनलाइन उपकरण के रूप में किया जा सकता है।
- स्वचालित कोड, विभिन्न प्रकाशीय आकाश सर्वेक्षणों में पहचाने गए तारकीय स्रोतों के अपेक्षित निकट-अवरक्त परिमाणों की गणना उनके प्रकाशीय परिमाणों का उपयोग करके कर सकता है।
