Sun. Jun 14th, 2026

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने नौ अगस्त 2023 को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नयी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय वेब ब्राउज़र डेवलपमेंट चैलेंज (आईडब्ल्यूबीडीसी) का शुभारंभ किया। श्रीमती सुनीता वर्मा, वैज्ञानिक जी और समूह समन्वयक (इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी में अनुसंधान एवं विकास), श्री अरविंद कुमार, प्रमाणन प्राधिकारी नियंत्रक, एमईआईटीवाई और डॉ. एस. डी. सुदर्शन, कार्यकारी निदेशक सी-डैक, बेंगलुरु ने संयुक्त रूप से ब्राउज़र विकास चुनौती शुरू की।इस प्रतियोगिता की एक प्रमुख शर्त है कि ब्राउज़र का प्रारूप प्रमाणन प्राधिकरण नियंत्रक (सिक्योर सॉकेट्स लेयर प्रमाणपत्रों सहित डिजिटल हस्ताक्षरों के लिये ज़िम्मेदार भारत सरकार का प्राधिकरण) के अनुरूप होना चाहिये।

वेब ब्राउज़र

  • वेब ब्राउज़र www (वर्ल्ड वाइड वेब) को एक्सप्लोर करने के लिये एक एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर है। यह सर्वर और क्लाइंट के बीच एक इंटरफेस प्रदान करता है और वेब दस्तावेज़ों तथा विभिन्न सेवाओं के निर्गमन लिये सर्वर का उपयोग करता है।
  • यह HTML बनाने के लिये एक कंपाइलर के रूप में काम करता है जिसका उपयोग वेब पेज को डिज़ाइन करने हेतु किया जाता है।
  • जब हम इंटरनेट पर कुछ भी खोजते हैं, तो ब्राउज़र HTML में लिखा एक वेब पेज लोड करता है, जिसमें टेक्स्ट, लिंक, इमेज और स्टाइलशीट तथा जावा स्क्रिप्ट फंक्शन जैसे अन्य आइटम शामिल होते हैं।
  • गूगल क्रोम, माइक्रोसॉफ्ट एज़, मोज़िला फायरफॉक्स और सफारी वेब ब्राउज़र के उदाहरण हैं।

भारतीय वेब ब्राउज़र डेवलपमेंट चैलेंज

  • यह एक प्रकार की प्रतियोगिता है जिसमें सभी हिस्सा ले सकते हैं और यह देश के सभी क्षेत्रों से प्रौद्योगिकी के प्रति उत्साही नवप्रवर्तकों और डेवलपर्स को एक स्वदेशी वेब ब्राउज़र तैयार करने को प्रेरित एवं सशक्त बनाने का प्रयास करती है।
  • यह इनबिल्ट CCA इंडिया रूट सर्टिफिकेट, अत्याधुनिक और उन्नत कार्यक्षमता के साथ सुरक्षा एवं डेटा गोपनीयता सुरक्षा सुविधाएँ सहित स्वयं के ट्रस्ट स्टोर के साथ एक स्वदेशी वेब ब्राउज़र होगा।
  • IWBDC का नेतृत्व MeitY, CCA और C-DAC बंगलूरू द्वारा किया जाता है।
  • इस प्रतियोगिता का आयोजन और वित्तपोषण सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसंधान एवं विकास प्रभाग तथा भारत के नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज के सहयोग से किया जा रहा है।

उद्देश्य

  • अच्छे यूज़र इंटरफ़ेस के साथ विभिन्न प्रकार के उपयोगकर्त्ताओं के लिये एक सुलभ और उपयोग करने में आसान ब्राउज़र उपलब्ध कराना।
  • इसके अलावा इस ब्राउज़र में क्रिप्टो टोकन का उपयोग करके दस्तावेज़ों पर डिजिटल हस्ताक्षर करने की क्षमता होनी चाहिये ताकि सुरक्षित लेन-देन और डिजिटल इंटरैक्शन को बढ़ावा दिया जा सके।

महत्त्व

  • यह चैलेंज आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जिसे भारतीय वेब ब्राउज़र के विकास के माध्यम से भारत की डिजिटल संप्रभुता को मज़बूत करने के लिये डिज़ाइन किया जाना है।
  • यह उपयोगकर्त्ताओं के लिये इंटरनेट तक पहुँच प्राप्त करने के सबसे अहम साधन (वेब ब्राउज़र) पर केंद्रित है।

सिक्योर सॉकेट्स लेयर (SSL) सर्टिफिकेट

  • यह एक डिजिटल प्रमाणपत्र है जो किसी वेबसाइट की पहचान को प्रमाणित करने के साथ ही एन्क्रिप्टेड/सुरक्षित कनेक्शन की सुविधा प्रदान करता है।
  • यह एक सुरक्षा प्रोटोकॉल है जो वेब सर्वर और वेब ब्राउज़र के बीच एक एन्क्रिप्टेड लिंक बनाता है।
  • ऑनलाइन लेन-देन को सुरक्षित रखने तथा ग्राहकों की निजी जानकारी को गोपनीय रखने के लिये कंपनियों और संगठनों के लिये अपनी वेबसाइट्स हेतु SSL सर्टिफिकेट अनिवार्य है।

Login

error: Content is protected !!