भारत और मलेशिया ने अपनी उन्नत रणनीतिक साझेदारी को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने का निर्णय लिया।
भारत और मलेशिया ने श्रम एवं रोजगार, आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, संस्कृति, पर्यटन तथा युवा एवं खेल के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
दोनों देशों ने शासन सुधार और लोक प्रशासन के क्षेत्र में आपसी सहयोग पर भी समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मलेशियाई समकक्ष दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम के बीच नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
दोनों देशों के बीच बढ़ी हुई रणनीतिक साझेदारी को 10 साल पूरे होने वाले हैं और पिछले दो वर्षों में उनकी साझेदारी में नई गति और ऊर्जा आई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने फिनटेक, सेमीकंडक्टर, रक्षा उद्योग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम जैसे नए प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।