श्रीनगर विश्व शिल्प परिषद (World Craft Council- WCC) द्वारा ‘विश्व शिल्प शहर (World Craft City- WCC)’ के रूप में मान्यता प्राप्त करने वाला चौथा भारतीय शहर बन गया है।जयपुर, मलप्पुरम और मैसूर अन्य तीन भारतीय शहर हैं जिन्हें पहले विश्व शिल्प शहरों के रूप में मान्यता दी जा चुकी है।वर्ष 2021 में श्रीनगर शहर को शिल्प और लोक कलाओं के लिये यूनेस्को क्रिएटिव सिटी नेटवर्क (UNESCO Creative City Network- UCCN) के हिस्से के रूप में एक रचनात्मक शहर नामित किया गया था।कागज की लुगदी, अखरोट की लकड़ी पर नक्काशी, कालीन, सोज़नी कढ़ाई और पश्मीना और कानी शॉल श्रीनगर के कुछ शिल्प हैं।
WCC-विश्व शिल्प शहर कार्यक्रम
- इसे वर्ष 2014 में विश्व शिल्प परिषद AISBL (WCC-इंटरनेशनल) द्वारा दुनिया भर में शिल्प विकास में स्थानीय अधिकारियों, शिल्पकारों और समुदायों की महत्त्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देने के लिये शुरू किया गया था।
- WCC-इंटरनेशनल की स्थापना वर्ष 1964 में हुई थी और श्रीमती कमलादेवी चट्टोपाध्याय, संस्थापक सदस्यों में से एक होने के नाते, प्रथम WCC आम सभा में शामिल हुई थीं।
- श्रीमती कमलादेवी चट्टोपाध्याय ने भारत की शिल्प विरासत को संरक्षित करने और बढ़ाने के लिये वर्ष 1964 में भारतीय शिल्प परिषद की स्थापना की।
श्रीनगर
- श्रीनगर शहर को शिल्प और लोक कला के क्षेत्र में रचनात्मक शहर के रूप में नामित किया गया है। जयपुर के बाद इस श्रेणी में भारत का यह दूसरा शहर है।
- यह न केवल श्रीनगर शहर को वैश्विक पहचान देगा बल्कि अंतर्राष्ट्रीय फंडिंग, शिल्प विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग और उत्पाद प्रोत्साहन के रूप में ‘पिचिंग क्राफ्ट’ (Pitching Craft) में भी मदद करेगा।
- इसके साथ ही जम्मू और कश्मीर की राजधानी (श्रीनगर) विश्व के 295 ‘रचनात्मक शहरों के नेटवर्क’ क्लब में शामिल हो गई है।
- यूनेस्को द्वारा हर वर्ष विश्व के विभिन्न शहरों को अपनी ‘यूसीसीएन’ परियोजना (UCCN Project) में शामिल करने हेतु आवेदन मांगे जाते हैं। भारत में यह आवेदन संस्कृति मंत्रालय के माध्यम से भेजे जाते हैं।
यूनेस्को का रचनात्मक शहरों का नेटवर्क
- इसे वर्ष 2004 में प्रारंभ किया गया था।
- इसका उद्देश्य “उन शहरों के मध्य सहयोग को बढ़ावा देना है जो रचनात्मकता को अपने शहरी विकास में एक रणनीतिक कारक के रूप में पहचानते हैं।”
- सतत् विकास लक्ष्य- 11 (Sustainable Development Goal- 11) का उद्देश्य सतत् शहरों और समुदायों से संबंधित है।
- नेटवर्क में सात रचनात्मक क्षेत्र शिल्प एवं लोक कला, मीडिया कला, फिल्म, डिज़ाइन, गैस्ट्रोनॉमी, साहित्य और संगीत शामिल हैं।
यूनेस्को
- यह संयुक्त राष्ट्र (United Nations- UN) की एक विशेष एजेंसी है। यह शिक्षा, विज्ञान और संस्कृति के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से शांति स्थापित करने के लिये प्रयासरत है।
- इसकी स्थापना वर्ष 1945 में हुई तथा इसका मुख्यालय पेरिस (फ्राँस) में स्थित है।
