मार्च 2023 में, वित्तीय समावेशन सूचकांक पिछले वर्ष मार्च के 56.4 से सुधरकर 60.1 हो गया।
आरबीआई के अनुसार, सभी उप-सूचकांकों में वित्तीय समावेशन सूचकांक का मूल्य बढ़ गया है।
मुख्य रूप से उपयोग और गुणवत्ता आयामों ने वित्तीय समावेशन सूचकांक के सुधार में योगदान दिया। यह वित्तीय समावेशन की गहनता को दर्शाता है।
मार्च 2021 को समाप्त वित्त वर्ष का सूचकांक 53.9 पर था।
मार्च 2017 को समाप्त अवधि में यह सूचकांक 43.4 पर था।
वित्तीय समावेशन सूचकांक (एफआई-इंडेक्स) देश भर में वित्तीय समावेशन की सीमा को दर्शाता है।
इसे पहली बार मार्च 2021 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए अगस्त 2021 में प्रकाशित किया गया था।
सूचकांक का मान 0 और 100 के बीच होता है, जहां 0 पूर्ण वित्तीय बहिष्करण को दर्शाता है और 100 पूर्ण वित्तीय समावेशन को दर्शाता है।
इसमें तीन व्यापक पैरामीटर शामिल हैं-पहुंच (35% वेटेज), उपयोग (45% वेटेज), और गुणवत्ता (20% वेटेज)।
प्रधानमंत्री जन धन योजना, आधार और मोबाइल कनेक्टिविटी के विस्तार जैसी प्रमुख योजनाओं ने पिछले कुछ वर्षों में वित्तीय समावेशन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।