रूस और उत्तर कोरिया ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने के लिए एक संधि पर हस्ताक्षर किए।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने के लिए एक संधि पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस संधि पर मूल रूप से 19 जून को प्योंगयांग में दोनों देशों के शीर्ष नेताओं द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे।
इसकी पुष्टि 24 अक्टूबर को संसद के निचले सदन द्वारा की गई थी। रूस की संसद के ऊपरी सदन ने 6 नवंबर को विधेयक को मंजूरी दी।
इस समझौते के तहत, रूस और उत्तर कोरिया संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने, समानता और अंतर्राष्ट्रीय कानून के अन्य सिद्धांतों के लिए आपसी सम्मान के आधार पर एक सतत साझेदारी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस संधि के तहत, यदि किसी भी देश पर सशस्त्र हमला होता है, तो तत्काल सैन्य और अन्य प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी।
यह संधि अनुसमर्थन दस्तावेजों के आदान-प्रदान के बाद प्रभावी हो जाएगी।