भारतीय सेना द्वारा बहु संस्था आपदा राहत अभ्यास ‘संयुक्त विमोचन 2024’ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
18-19 नवंबर 2024 को, भारतीय सेना द्वारा बहुपक्षीय वार्षिक संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास, ‘संयुक्त विमोचन 2024’ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
भारतीय सेना की दक्षिणी कमान की कोणार्क कोर द्वारा आयोजित यह अभ्यास गुजरात के अहमदाबाद और पोरबंदर में दो दिनों तक चला।
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें भारत की आपदा प्रतिक्रिया तैयारियों को प्रदर्शित किया गया।
अहमदाबाद में अभ्यास के उद्घाटन समारोह में 18 नवंबर 2024 को ‘गुजरात के तटीय क्षेत्र में चक्रवात’ विषय पर आपातकाल, आपदा या संकट से निपटने लिए मदद करने पर एक चर्चा-आधारित सत्र यानी कि टेबलटॉप अभ्यास शामिल था।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए), मौसम विभाग और फिक्की के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारतीय सशस्त्र बलों के अधिकारी भी शामिल हुए।
दूसरे दिन 19 नवंबर, 2024 को पोरबंदर के चौपाटी समुद्र तट पर बहु-संस्था क्षमता प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।