चिकित्सा विज्ञान संस्थान को सहयोग देने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय और बीएचयू तथा शिक्षा मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और शिक्षा मंत्रालय के साथ चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस), बीएचयू को सहायता प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत स्थापित नए एम्स के अनुरूप आईएमएस और बीएचयू को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा अनुदान सहायता प्रदान करने का प्रावधान है।
यह समझौता ज्ञापन केन्द्र सरकार के “संपूर्ण सरकार” दृष्टिकोण का परिणाम है, जो लोगों के लाभ के लिए सामान्य उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देता है।
इस समझौता ज्ञापन से आईएमएस, बीएचयू को विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
आईएमएस को अनुदान के प्रावधान से क्षेत्र के लोगों के लिए किफायती, अत्याधुनिक माध्यमिक और तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।
इससे नैदानिक देखभाल सेवाओं की उपलब्धता में वृद्धि करके रेफरल को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।