सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 103 वीरता पुरस्कारों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी है।
इनमें तीन मरणोपरांत सहित चार कीर्ति चक्र, चार मरणोपरांत सहित 18 शौर्य चक्र और एक सेना पदक (वीरता) शामिल हैं।
कीर्ति चक्र मेजर मल्ला राम गोपाल नायडू को तथा, कर्नल मनप्रीत सिंह, राइफलमैन रवि कुमार और हिमायूं मुजम्मिल भट को मरणोपरांत प्रदान किया गया।
नौसेना कर्मियों को दो और वायुसेना कर्मियों को दो शौर्य चक्र प्रदान किए गए।
18 शौर्य चक्रों में से पांच गृह मंत्रालय के तहत सीएपीएफ कर्मियों को दिए गए।
वीरता पुरस्कारों में दो मरणोपरांत सहित 63 सेना पदक (वीरता), 11 नौसेना पदक (वीरता) और छह वायु सेना पदक (वीरता) शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने 39 मेंशन-इन-डिस्पैच को भी मंजूरी दी है, जिसमें विभिन्न सैन्य अभियानों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आर्मी डॉग केंट को मरणोपरांत दिया जाने वाला सम्मान भी शामिल है।
इन अभियानों में ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन स्नो लेपर्ड, ऑपरेशन सहायता, ऑपरेशन हिफाजत, ऑपरेशन ऑर्किड और ऑपरेशन कटचल शामिल हैं।
भारतीय तटरक्षक बल के कर्मियों के लिए एक राष्ट्रपति तटरक्षक पदक (विशिष्ट सेवा), एक तटरक्षक पदक (वीरता) और दो तटरक्षक पदक (उत्कृष्ट सेवा) को भी राष्ट्रपति द्वारा मंजूरी दी गई है।
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक को भी मंजूरी दी गई है।