अनुसंधान और प्रशिक्षण पर सहयोग के लिए, सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हैदराबाद के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एमओयू पर सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल दलजीत सिंह और आईआईटी हैदराबाद के निदेशक प्रोफेसर बी एस मूर्ति ने हस्ताक्षर किए।
इसका मुख्य उद्देश्य नवीन चिकित्सा उपकरणों के विकास में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
एमओयू छात्र विनिमय कार्यक्रम, स्नातक छात्रों के लिए अल्पकालिक पाठ्यक्रम और संकाय विनिमय पहल की सुविधा प्रदान करेगा।
ड्रोन आधारित रोगी परिवहन, टेलीमेडिसिन नवाचार, चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का अनुप्रयोग और नैनो प्रौद्योगिकी में प्रगति सहयोग के मुख्य क्षेत्र होंगे।
आईआईटी हैदराबाद के जैव प्रौद्योगिकी, जैव चिकित्सा इंजीनियरिंग और जैव सूचना विज्ञान विभाग आवश्यक तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान करेंगे।