Tue. Mar 24th, 2026

विश्वभारती विश्वविद्यालय के शोधकर्त्ताओं ने बैक्टीरिया की एक नई प्रजाति की खोज़ की है जो कृषि पद्धतियों को बदल सकती है। उन्होंने प्रसिद्ध नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर के नाम पर इसका नाम ‘पैंटोइया टैगोरी’ रखा।

पैंटोइया टैगोरी

  • पेंटोइया टैगोरी बैक्टीरिया जीनस पेंटोइया से संबंधित है, जो एंटरोबैक्टीरियासी परिवार का हिस्सा है।
  • पेंटोइया बैक्टीरिया को जल, मिट्टी, मनुष्य, पशु और पौधों सहित विभिन्न वातावरणों से पृथक किया जा सकता है।
  • इसे पौधे के विकास को बढ़ावा देने वाले बैक्टीरिया के रूप में भी वर्णित किया गया है, पेंटोइया टैगोरी ने धान, मटर और मिर्च जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय क्षमताओं का प्रदर्शन किया है।
  • बैक्टीरिया मिट्टी से पोटैशियम को कुशलतापूर्वक निकालता है, जिससे पौधों में वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त, यह पोटेशियम और फास्फोरस दोनों के घुलनशीलता, नाइट्रोजन निर्धारण की सुविधा प्रदान करता है तथा पौधों के लिये समग्र पोषक तत्त्व की उपलब्धता को बढ़ाता है।
  • पौधों की वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव से फसल की पैदावार में संभावित वृद्धि का संकेत मिलता है। यह खाद्य सुरक्षा से संबंधित महत्त्वपूर्ण मुद्दों के समाधान में सहायता कर सकता है।
  • पेंटोइया टैगोरी मिट्टी में पोषक तत्वों की उपलब्धता को बढ़ाता है, जिससे वाणिज्यिक उर्वरकों की आवश्यकता कम हो जाती है।
  • उर्वरकों पर निर्भरता को कम करते हुए, बैक्टीरिया सतत् कृषि के लिये एक लागत प्रभावी दृष्टिकोण प्रदान करता है और यह एक संभावित जैव-उर्वरक हो सकता है।

जैव-उर्वरक

  • जैव-उर्वरक को जीवित सूक्ष्मजीवों वाले जैविक उत्पादों के रूप में परिभाषित किया जा सकता है, जिसका बीज, पौधे की सतह अथवा मृदा पर अनुप्रयोग करने पर, कई कारकों द्वारा विकास को बढ़ावा देते हैं जिनमें पोषक तत्वों की आपूर्ति में वृद्धि, जड़ बायोमास अथवा जड़ क्षेत्र में वृद्धि एवं पौधे की पोषक तत्त्व ग्रहण क्षमता में वृद्धि आदि शामिल हैं।
  • वे जीवाणु, नीले-हरे शैवाल तथा माइकोराइज़ल कवक जैसे जीवित जीवों से बने होते हैं।

उदाहरण

  1. जीवाणु जैव-उर्वरक: राइज़ोबियम, एज़ोस्पिरिलियम, एज़ोटोबैक्टर, फॉस्फोबैक्टीरिया।
  2. कवकीय जैव-उर्वरक: माइकोराइज़ा।
  3. शैवालीय जैव उर्वरक: नील हरित शैवाल (Blue Green Algae- BGA) तथा एज़ोला।

Login

error: Content is protected !!